भारत का नॉर्थ-ईस्ट लैंड लॉक्ड हैं और बांग्लादेश समुद्र का गार्डियन है’, यूनुस ने चीन को दिया बड़ा ऑफर
भारत की ओर से जताई गई आपत्ति, व्यापार के बहाने पूर्वोत्तर को गलत कहना ठीक नहीं

बांग्लादेश बोर्डर से अशोक झा: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने चीन को अपने देश में व्यापारिक निवेश के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को ‘लैंडलॉक्ड’ बताते हुए कहा कि बांग्लादेश इस क्षेत्र के लिए समुद्री मार्ग का महत्वपूर्ण केंद्र है।
चीन दौरे से वापस लौटे बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो चीन को क्षेत्र में अपना विस्तार करने के लिए आमंत्रित करते दिख रहे हैं। भारत के साथ तनावपूर्ण रिश्तों के बीच यूनुस भारत के पूर्वोत्तर राज्यों पर टिप्पणी करते दिख रहे हैं जिसे लेकर काफी आपत्ति जताई जा रही है। मोहम्मद यूनुस ने कहा कि भारत के सात पूर्वोत्तर राज्य अभी भी लैंड लॉक्ड यानी चारों तरफ से भूमि से घिरे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यूनुस चीनी सरकार को चिकन नेक के करीब बांग्लादेश में इकोनॉमिक बेस स्थापित करने के लिए कह रहे हैं। चिकन नेक भारत के पूर्वोत्तर राज्यों- नागालैंड, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मणिपुर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला हिस्सा है जिसे सिलिगुड़ी कॉरिडोर के नाम से भी जाना जाता है। यह कॉरिडोर रणनीतिक रूप से भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इस क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंताएं हैं। चिकन नेक बांग्लादेश की सीमा से होकर गुजरता है और अगर यूनुस चीन को इस इलाके में व्यापार करने की अनुमति देते हैं तो यह भारत के लिए सिरदर्द की विषय बन सकता है। वीडियो में यूनुस जोर देते हुए कह रहे हैं कि बांग्लादेश इस क्षेत्र में महासागर (हिंद महासागर) का एकमात्र संरक्षक है। वीडियो में यूनुस कहते दिख रहे हैं, ‘भारत के सात राज्य, भारत का पूर्वी भाग, जिन्हें सात बहनें कहा जाता है… वे भूमि से घिरे राज्य हैं, उनके पास समुद्र तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है। हम इस पूरे क्षेत्र के लिए महासागर के एकमात्र संरक्षक हैं। इसलिए यह एक बड़ी संभावना को खोलता है। यूनुस ने आगे कहा, ‘इस वजह से यहां चीनी अर्थव्यवस्था का विस्तार हो सकता है. वो यहां आकर चीजें बनाएं, उनका उत्पादन करें, उन्हें बेचें, चीन ले जाएं और उन्हें पूरी दुनिया में फैलाएं। यूनुस की टिप्पणी पर आपत्ति: यूनुस के इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘यह दिलचस्प है कि यूनुस इस आधार पर चीनियों से सार्वजनिक अपील कर रहे हैं कि भारत के 7 राज्य भूमि से घिरे हुए हैं। चीन का बांग्लादेश में निवेश करने का स्वागत है, लेकिन 7 भारतीय राज्यों के भूमि से घिरे होने का इससे क्या मतलब है? भारत की प्रतिक्रिया: भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने यूनुस के बयान पर असहमति जताई। उन्होंने कहा कि चीन बांग्लादेश में निवेश करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लैंडलॉक्ड बताकर इसे प्रस्तुत करना हैरान करने वाला है भारत की कनेक्टिविटी परियोजनाएं: यूनुस के इस बयान के विपरीत, भारत अपनी ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के तहत पूर्वोत्तर राज्यों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में जुटा है. भारत इस क्षेत्र में कई प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाएं चला रहा है, जिनमें कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट और सिल्क रूट कनेक्टिविटी परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा, म्यांमार और दक्षिण-पूर्व एशिया से पूर्वोत्तर राज्यों को जोड़ने के लिए सड़क और रेल नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही, भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला सिलिगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) एक महत्वपूर्ण भौगोलिक संरचना है, जिसकी सुरक्षा को लेकर भारत पूरी तरह सतर्क रहता है चीन-बांग्लादेश वार्ता और समझौते: यूनुस की चीन यात्रा के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की. इस दौरान चीन ने बांग्लादेश को सहयोग का आश्वासन दिया और दोनों देशों के बीच नौ समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. इन समझौतों में आर्थिक और तकनीकी सहयोग, सांस्कृतिक विरासत, मीडिया, खेल और स्वास्थ्य क्षेत्रों में साझेदारी शामिल है।