Basti News:ईदगाह और मस्जिदों में अदा हुई नमाज,मांगी दुआ

Basti News:ईदगाह और मस्जिदों में अदा हुई नमाज,मांगी दुआ

बस्ती। ईद की नमाज को लेकर सोमवार सुबह से ही मुख्य बाजार व सड़कों पर चहल-पहल नजर आ रही थी। नए कपड़े पहने हुए नमाजियों का हुजूम ईदगाह व मस्जिदों में पहुंचा। एक-दूसरे के कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो गए। नए कपड़े पहने व सिर पर टोपी रखे युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने इबादत की। नमाज अदाकर एक-दूसरे के गले मिले और मुबारकबाद पेश किया। अमन, खुशहाली व तरक्की के लिए सामूहिक रूप से दुआ मांगी गई। देर रात तक एक-दूसरे के घरों पर पहुंचकर मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी रहा। मुसलमानों के इस खुशी के त्योहार में अन्य धर्मों के लोग भी शामिल हुए और गले मिलकर बधाई दी। जनपद में शांतिपूर्ण माहौल में ईद की नमाज अदा की गई।
शहर की मुख्य ईदगाह गांधीनगर में सुबह सात बजे नमाज अदा की गई। यहां पर गांधीनगर, कटरा, सिविल लाइन व कुछ ग्रामीण क्षेत्र के लोग नमाज में शामिल रहे। इसके बाद जामा मस्जिद पक्का बाजार, दारूल ऊलूम, जामिया हनफिया, हुसैनी जामा मस्जिद, कटरा मस्जिद, कर्बला मस्जिद, ईदगाह व जामा मस्जिद पुरानी बस्ती, अंजुमन मस्जिद, दक्षिण दरवाजा मस्जिद में नमाज अदा की गई।
ग्रामीण क्षेत्र में ईदगाहों पर मेले जैसा माहौल रहा। ईदगाह के बाहर खिलौनों, खाने के सामान की दुकानें सजाई गई थी। नमाजियों के साथ आए बच्चों ने खिलौने खरीदे, जबकि युवाओं ने वहां बिक रहे खाने का सामान खरीद कर उसका लुत्फ उठाया। ईदगाहों पर लगा मेला दोपहर तक जारी रहा। वहीं शहर के कटेश्वर पार्क में बड़ी संख्या में लोग ईद की खुशियां मनाने पहुंचे। बच्चे झूला झूले और लुफ्त उठाया।
प्रशासन रहा मुस्तैद
त्योहार की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने पूरी तैयारी मुस्तैद रहा। मस्जिदों व मुख्य चौराहों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल की तैनाती की गई थी। डीएम रवीश गुप्ता, एसपी अभिनंदन, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एसडीएम सदर शत्रुह्न पाठक, सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी आदि अधिकारियों ने ईदगाहों, मस्जिदों का भ्रमण कर माहौल का जायजा लिया।

विभिन्न दलों के नेताओं ने दी मुबारकबाद
बस्ती। ईद-उल-फितर पर शहर के मस्जिदों के बाहर विभिन्न दलों के नेता व पदाधिकारी लोगों से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए। सपा के जिलाध्यक्ष व बस्ती सदर के विधायक महेन्द्र नाथ यादव, कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय व देवेंद्र श्रीवास्तव अन्य नेताओं ने ईदगाह पर नमाज पढ़ने आए नमाजियों से मुलाकात कर ईद की बधाई दी। भाजपा नेता अंकुर वर्मा ने भी नगरपालिका क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

Back to top button