दुष्कर्म पीड़िता किशोरी पर जानलेवा हमला,हालत नाजुक
दुष्कर्म पीड़िता किशोरी पर जानलेवा हमला,हालत नाजुक

उप्र बस्ती जिले के कप्तानगंज थानाक्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता किशोरी पर सोमवार रात जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने सोते समय धारदार हथियार से उसके पेट पर कई वार किया। परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पाकर एसपी आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल जाकर पीड़िता से बातचीत की। पीड़िता के मां की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू सहित अन्य पांच आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में कहा गया है कि सोमवार की रात उसकी बेटी अपने बिस्तर पर सोई थी। आधीरात के बाद गांव का निवासी मोनू, उसकी बहन व अन्य लोग पहुंचे और उसकी बेटी के पेट में धारदार हथियार से हमला किया। उसके चिल्लाने पर परिवार के बाकी लोग भी पहुंचे। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। गंभीर हालत में घायल किशोरी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मोनू सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पीड़िता के बेहतर इलाज का प्रबंध किया जा रहा है। 10 सितंबर 2021 को देर शाम खेत गई किशोरी को गांव के ही कुछ लोग जबरदस्ती खींच ले गए थे, जहां उसके साथ दरिंदगी की गई थी। परिवार के लोग पूरी रात उसे ढूंढते रहे। सुबह पांच बजे खेत में उसे लहूलुहान हालत में बेहोश पाया गया था। मुंह में ब्लेड के टुकड़े डालकर कपड़े से बांध दिया गया था। इस मामले में गांव के सूरज निषाद, राधा (आरोपी मोनू की अविवाहित बहन) सहित तीन पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें तीनों जेल में हैं। इसके कुछ दिन बाद आरोपी पक्ष ने पीड़िता के पिता और भाई पर छेड़खानी व एससीएसटी का मुकदमा दर्ज करा दिया था। जिसमें दोनों अब भी जेल में निरुद्ध हैं।