पिता ने बेटे को बट से पीटा और तमंचे से हाथ में मारी गोली

पिता ने बेटे को बट से पीटा और तमंचे से हाथ में मारी गोली

उप्र बस्ती जिले में परशुरामपुर थाना क्षेत्र के कड़सरा गांव के 24 वर्षीय युवक पर तमंचे से फायर करने का मामला सामने आया है। मां और पत्नी के साथ थाने पहुंचे घायल युवक ने अपने पिता पर आरोप लगाया है। कि उसके पिता ने रायफल के बट से उसे मारापीटा और हाथ में लिए तमंचे से गोली चला दी। घायल को सीएचसी ले जाया गया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कड़सरा गांव निवासी कृष्ण कुमार सिंह उर्फ बबलू गांव के पूर्व प्रधान हैं। उनका बेटे अक्षित प्रताप सिंह से संबंध ठीक नहीं है। अक्षित प्रताप सिंह का कहना है कि उसके पिता से संपत्ति को लेकर विवाद है। आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम को करीब चार बजे वह अपने घर की छत पर बैठा था। उसके पिता कृष्ण कुमार सिंह लाइसेंसी रायफल और एक देसी कट्टा लेकर आए। अपशब्द कहते पहले राइफल की बट से मारे। उसके बाद कट्टे से फायर कर दिया। गोली अक्षित के बाएं हाथ में लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। अक्षित की मां साधना सिंह तथा पत्नी प्रतिभा सिंह भी गोली की आवाज सुनकर उसके पास पहुंची। घायल अक्षित को अन्य लोगों की मदद से सास-बहू थाने लेकर पहुंची। वहां से अक्षित को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परशुरामपुर ले जाया गया। परशुरामपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते घटना होने की बात सामने आ रही है। तहरीर के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button