मोदी बोले- ब्रज की रज-रज में राधी रानी, कण-कण में श्रीकृष्ण

मोदी बोले- ब्रज की रज-रज में राधी रानी, कण-कण में श्रीकृष्ण

मथुरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत की आजादी के अमृतकाल में पहली बार देश गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला है। अब भारत अपनी विरासत पर गर्व की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। पीएम ने कहा कि हमारा देश हमेशा से नारी शक्ति को पूजने वाला रहा है। ब्रज की रज-रज में राधा रानी रमी हुई हैं, यहां के कण-कण में श्रीकृष्ण समाए हुए हैं। विश्व की सभी तीर्थ यात्राओं से जो लाभ होता है, उससे भी ज्यादा लाभ अकेले मथुरा और ब्रज के दर्शन से मिल जाता है। मोदी गुरुवार को भगवान कृष्ण की भक्त मीराबाई की 525वीं जयंती के मौके पर आयोजित ‘मीराबाई जन्मोत्सव’ में भाग लेने मथुरा पहुंचे थे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

मोदी ने कहा कि देश की आजादी के बाद ब्रज की धरती को जो महत्व मिलना चाहिए था, दुर्भाग्य से वो नहीं मिला। जो लोग भारत को उसके अतीत से काटना चाहते थे, वो आजादी के बाद भी गुलामी की मानसिकता नहीं त्याग पाए, उन्होंने ब्रज भूमि को विकास से वंचित रखा। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। काशी में विश्वनाथ धाम, उज्जैन में महाकाल और केदारनाथ की तरह ब्रज में भी भगवान के दर्शन और भी दिव्यता के साथ होंगे।

पीएम ने कहा कि मीराबाई महान समाज सुधारक भी थीं। मीराबाई जैसी संत ने दिखाया कि नारी का आत्मबल पूरे संसार को दिशा दिखाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए इस समारोह में आना एक और वजह से भी विशेष है। भगवान श्रीकृष्ण से लेकर मीराबाई तक का गुजरात से एक अलग ही रिश्ता रहा है। यहां मथुरा के कान्हा गुजरात जाकर ही द्वारकाधीश बने थे। मीराबाई ने भी अपना अंतिम जीवन गुजरात में ही बिताया था।

इससे पहले, हेलीपैड पर सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पीएम की अगुवाई की। यहां से पीएम सीधे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। गर्भगृह के दर्शन के साथ ही भागवत भवन में पूजा-अर्चना की। फिर उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया और 525 रुपये के विशेष सिक्के भी जारी किए।

 

जो लोग भारत को उसके अतीत से काटना चाहते थे, वो आजादी के बाद भी गुलामी की मानसिकता नहीं त्याग पाए, उन्होंने ब्रज भूमि को विकास से वंचित रखा। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। -मोदी

 

दुनिया को आकर्षित कर रहे अयोध्या-काशी:योगी

रेलवे मैदान में चल रहे ब्रजरज उत्सव में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की 142 करोड़ आबादी ने नए भारत के दर्शन किए हैं। नए भारत का वैश्विक मंच पर सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया में कहीं भी जाते हैं तो सभी पलक पावड़े बिछाकर अभिनंदन करते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में उन्होंने देश की हर समस्या को हल किया है। योगी ने कहा कि यह एक भारत है और श्रेष्ठ भारत भी है, जो विकास भी करता है और गरीब कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू भी करता है। यह नया भारत अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है। योगी ने कहा कि अयोध्या और काशी आज पूरे देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। उत्तराखंड का केदारपुरी एक नए गौरव की अनुभूति करा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि मुनियों की देन योग को पीएम मोदी ने दुनिया के 190 देशों तक पहुंचाया। आज योग से पूरी दुनिया लाभान्वित हो रही है। पीएम ने कुंभ को वैश्विक मान्यता दिलवाई है।

Back to top button