संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना के मास्टरमाइंड ललित झा के दरभंगा में खोजी जा रही पारिवारिक पृष्ठभूमि

पटना: संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना के मास्टरमाइंड ललित झा का पैतृक घर बिहार में दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के रामपुर उदय गांव में है। शुक्रवार को दरभंगा पुलिस ललित के घर पहुंची और उसके पिता देवानंद झा और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई। दरभंगा के एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि ललित की पारिवारिक पृष्ठभूमि बेहद सामान्य है। आसपास के लोगों से भी उसके बारे में फिलहाल कुछ खास जानकारी नहीं मिल सकी है। ललित और उसका परिवार लंबे समय से पश्चिम बंगाल में रहता है। उनका गांव आना कभी-कभार ही होता है। उसके पिता पंडित हैं और पूजा-पाठ कर अपने परिवार का पेट पालते हैं। ललित झा का छोटा भाई बिजली मिस्त्री का काम करता है। ललित के पिता देवानंद झा ने बताया कि वे लोग बीते 10 दिसंबर को खेती-बाड़ी के काम से गांव आए थे। ललित नहीं आया था। उसी दिन ललित बिना जानकारी दिए अचानक दिल्ली चला गया। उन्हें भी घटना में उसके शामिल होने की जानकारी अखबार और टीवी से मिली। पिता ने बताया कि इंटर की पढ़ाई के बाद ललित से मेडिकल परीक्षा की तैयारी करने को कहा गया, लेकिन गरीबी के कारण वह कोचिंग व आगे की पढ़ाई नहीं कर सका। इसके बाद वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगा। गांव रामपुर उदय में भी परिवार गरीबी में रहता रहा। गांव में परिवार का एक घर है। देवानंद खेती-बाड़ी के काम से गांव आते रहते हैं। पिता ने कहा कि बेटे की करतूत से परिवार मर्माहत है। गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि ललित के पिता देवानंद झा पश्चिम बंगाल में रहकर पूजा-पाठ कराते हैं। यही उनकी आजीविका का साधन है। ललित तीन भाइयों में मंझला है। उसका बड़ा भाई सोनू झा बंगाल में ही कपड़े की दुकान में नौकरी करता है। छोटा भाई शंभू झा बिजली मिस्त्री का काम करता है।बता दें कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में ललित झा को दिल्ली पुलिस ने गुरुवार रात को गिरफ्तार किया था। वह इस घटना का मास्टरमाइंड है और उसी ने अन्य आरोपियों को संसद में घुसपैठ के लिए प्रेरित किया था। दिल्ली की अदालत ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। @रिपोर्ट अशोक झा

Back to top button