बांदा में फांसी पर लटकता मिला नवविवाहिता का शव

 

बांदा  जिले के इटवां गांव मे एक नवविवाहिता का शव कमरे में लकड़ी की बल्ली से लटकता मिला। विवाहिता के पति का कहना है कि वह बाहर गया हुआ था। उसके पिता बकरियां चराने गए थे। देर शाम जब वापस लौटे तो घर में पत्नी रेखा का कमरा अंदर से बंद था। कमरे का दरवाजा तोडकर देखा तो उसका शव बल्ली के सहारे लटक रहा था। पुलिस का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग घटना को आत्महत्या बता रहे हैं। लेकिन इसकी कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं।
जिले के बिसंडा थाने के ग्राम इटवां मे रहने वाले संजय खटीक की लगभग 1 साल पहले रेखा (26) से शादी हुई थी। बीती शाम उसका शव कमरे में बल्ली के सहारे लटकता मिला। देर शाम तक वह कमरे से बाहर नहीं आई। दरवाजा तोड़कर देखा गया। अंदर शव लटकता मिलने पर सिंहपुर पुलिस चौकी को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर लिखा-पढ़ी आदि की कार्रवाई की।
चित्रकूट के कर्वी शहर निवासी मृतका के भाई सोनू का कहना है कि उसकी बहन रेखा गर्भवती थी। शादी के बाद पति से आए दिन विवाद होता था। इसी से तंग आकर बहन ने सुसाइड की है। सोनू ने बताया कि बहन की शादी 15 फरवरी 23 को हुई थी।
पति संजय खटीक का कहना है कि पत्नी पहले भी दो-तीन बार कमरा बंद कर अंदर 4-4 घंटे बैठे रहती थी। उधर, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button