राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर भूस्खलन, रास्ता बंदकर बदला गया मार्ग

सिलीगुड़ी : सिक्किम का लाइफलाइन कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर बीते रात से भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ों से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। हादसों की आशंका के चलते प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 पर यातायात रोक दिया। लिकुवीर , हाथीसुर इलाके में पहाड़ का हिस्सा गिरने से फिलहाल सिलीगुड़ी से सिक्किम और कलिम्पोंग जाने वाले वाहनों को लावा गरुबथान रोड से डायवर्ट कर दिया गया है। गुरुवार की सुबह से पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 के किनारे छोटे-बड़े पत्थर गिरने लगे। लिखुवी पहले से ही भूस्खलन प्रवण क्षेत्र है। चट्टान गिरने से बड़ी आपदा के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने इस सड़क से यातायात को बलपूर्वक नियंत्रित करने का निर्णय लिया है। कालिम्पोंग पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।मौसम विभाग के मुताबिक, आज से 26 मार्च के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, 21 और 23 मार्च के दौरान अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा या बर्फबारी की संभावना है। रिपोर्ट अशोक झा

Back to top button