बाढ़ खंड कार्यालय के वेतन घोटाले में पांच कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज
बाढ़ खंड कार्यालय के वेतन घोटाले में पांच कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज
उप्र बस्ती जिले के अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड प्रथम के कार्यालय में वेतन के नाम पर करीब एक करोड़ 25 लाख 41 हजार 987 रुपये के गोलमाल की विभागीय जांच पूरी होने के बाद इसमें शामिल पांच लोगों पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने अनिल कुमार, वरिष्ठ सहायक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में अरविन्द कुमार, वरिष्ठ सहायक बाढ़ कार्य खंड प्रथम, हरिश्चन्द्र सींच पर्यवेक्षक बाढ़ कार्य प्रथम, ओमनरायण पाठक कनिष्ट सहायक बाढ़ कार्य खंड प्रथम, महेन्द्र कुमार टिण्डैल बाढ़ कार्य खंड प्रथम, घनश्याम मेट बाढ़ कार्य खंड प्रथम पर केस दर्ज हुआ है। मामले की जांच एसआई अजय सिंह करेंगे।
करीब तीन साल से विभाग में वेतन के नाम पर चल रहे इस खेल का खुलासा होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया था। अभिलेखों की जांच में पता चला कि खंड में कार्यरत कुल पांच कर्मियों के खाते में वेतन के अतिरिक्त 1,25,41,987 रुपये भेजे गए थे। इस रकम में से 1.13 करोड़ रुपये तो सिर्फ दो कर्मचारियों के खाते में भेजा गया था। इन पांचों कर्मियों के साथ वेतन लिपिक को भी निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच में सामने आया कि कार्यालय के अभिलेख में आरोपी कर्मियों का वेतन सही दर्ज किया गया है, जबकि ऑनलाइन फंड ट्रांसफर में यह खेल हुआ था। इस वजह से गोलमाल नहीं पकड़ा जा सका। आरोपी दो कर्मचारियों ने निलंबन से पूर्व ही खाते में आए अधिक वेतन को राजकोष में जमा करा दिया था।