आचार्य किशोर कुणाल के निधन से बिहार से बंगाल तक शोक की लहर

उनका श्रीराम मंदिर निर्माण में अहम रहा योगदान, पटना महावीर मंदिर न्यास के थे सचिव

 

अशोक झा, नई दिल्ली: धार्मिक न्यास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और विश्व प्रसिद्ध पटना महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल का रविवार की सुबह निधन हो गया। रविवार अहले सुबह हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें फौरन महावीर वात्सल्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया।जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल का कार्डियक अरेस्ट आया है। अस्पताल जाने से पहले उन्होंने दम तोड़ दिया। 74 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से शोक की लहर दौड़ पड़ी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।उपमुख्यमंत्री बोले- समाज के लिए अपूरणीय क्षति: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल जी का जीवन समाज सेवा, धार्मिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए समर्पित था। उन्होंने महावीर मंदिर को एक राष्ट्रीय पहचान दिलाई और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।1983 में पटना के एसएससी बने थे आचार्य किशोर कुणाल: आचार्य किशोर कुणाल का जन्म दस अगस्त 1950 को मुजफ्फरपुर के बरुराज गांव में एक भूमिहार परिवार में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा मुजफ्फरपुर में रहकर पूरी की। इसके बाद वह पटना विश्वविद्यालय में इतिहास और संस्कृत की पढ़ाई की। 1970 में स्नातक की डिग्री ली। इसके वह यूपीएससी की परीक्षा में बैठे। उनका चयन हो गया। 1972 में वह गुजरात कॉडर में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी बन गए। 1978 तक वह अहमदाबाद के पुलिस उपायुक्त बन गए। 1983 में वह पटना के एसएससी बने। इसके बाद 2001 में उन्होंने वीआरएस ले लिया। सेवानिवृति के बाद उन्होंने बिहार राज्य धार्मिक न्याय बोर्ड के अध्यक्ष बने। इसी बीच उन्होंने स्कूल, अस्पताल की स्थापना की। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय काम किए।
श्रीराम मंदिर निर्माण में अहम योगदान रहा: बाबा गरीब नाथ मंदिर न्यास समिति ने कहा कि महावीर मंदिर, बाबा गरीब नाथ मंदिर को लेकर और विशेष पहचान दिलाने आचार्य किशोर कुणाल का अहम योगदान रहा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण में भी उनका काफी अहम योगदान रहा। महावीर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य रहे किशोर कुणाल ने हाल में मुजफ्फरपुर के साहू पोखड़ तालाब और साहू मंदिर के जीर्णोद्धार का बीड़ा उठाया था और मंदिर को विशेष और दर्शनीय स्थल में विकसित किए जाने के लिए लगातार काम करते रहे। उनके जाने से समाज ही नहीं पूरे देश को अपूरणीय क्षति हुई है।

Back to top button