होली के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जाएंगी लंदन

उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की ओर से किया गया आमंत्रित

 

अशोक झा, कोलकाता: बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 21 मार्च को लंदन जाएंगी और लंदन में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करेंगी। अभी यह पता नहीं चला है कि वह किस विषय पर भाषण देंगी। बता दें कि पिछले साल कोलकाता में एक शैक्षणिक संस्थान में वक्तव्य रखते हुए ममता बनर्जी ने ऐलान किया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की ओर से आमंत्रित किया गया है। इस बार ममता ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के आमंत्रण का जवाब दिया है और वह 21 मार्च को विदेश दौरे पर जाएंगी। वह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण देंगी। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री 21 मार्च को कोलकाता से विमान से दुबई के लिए रवाना होंगी. वहां से वह लंदन जाएंगी। ऑक्सफोर्ड में भाषण देने के अलावा ममता बनर्जी के कई अन्य कार्यक्रम भी हैं। वह वहां कुछ उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगी और उनके साथ बैठक करेंगी। 2015 में ममता ने किया था लंदन दौरा: इससे पहले ममता बनर्जी को 2020 में ऑक्सफोर्ड यूनियन के आमंत्रण पर भाषण देना था, लेकिन आखिरी समय में ऑक्सफोर्ड के अधिकारियों ने उन्हें ईमेल भेजकर सूचित किया कि कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।ऑक्सफोर्ड यूनियन ने घोषणा की थी कि कार्यक्रम को अंतिम समय में स्थगित करना पड़ा और ममता बनर्जी उस घटना से नाराज थीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2015 में लंदन का दौरा किया था। उनके साथ राज्य के कई तत्कालीन मंत्री भी थे. उस समय ममता बनर्जी बकिंघम पैलेस गयी थीं। तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा के अलावा कोलकाता के तत्कालीन मेयर शोभन चटर्जी, सुगत बसु, डेरेक ओ ब्रायन और देव भी उनके साथ थे।
27 मार्च को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में करेंगी शिरकत: नबान्न सूत्रों के अनुसार, वह 21 मार्च को दुबई होते हुए लंदन पहुंचेंगी। उनका 29 मार्च को दुबई होते हुए कोलकाता लौटने का कार्यक्रम है। लंदन में पश्चिमी बंगाल औद्योगिक विकास निगम, फिक्की और यूके इंडिया बिजनेस काउंसिल के सहयोग से 25 मार्च को एक उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया गया है। नबान्न सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सम्मेलन में उपस्थित रहेंगी। औद्योगिक सम्मेलन में राज्य के शीर्ष उद्योगपतियों के भी भाग लेने की उम्मीद है।इसके बाद 27 मार्च को मुख्यमंत्री ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण देंगी। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, नवंबर में विश्व व्यापार सम्मेलन में, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर जोनाथन मिची ने सीएम को विश्वविद्यालय आने का निमंत्रण दिया था। ममता का है लंबा राजनीतिक-प्रशासनिक अनुभव: बता दें कि ममता बनर्जी 2021 में तीसरी बार राज्य की मुख्यमंत्री बनी हैं और 2011 में वाममोर्चा के 34 सालों के शासन को समाप्त कर जब से सत्ता में आई हैं. उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस लगातार चुनावों में जीत हासिल कर रही है, हालांकि पिछले कुछ चुनावों में बीजेपी से तृणमूल कांग्रेस का जबरदस्त मुकाबला हुआ है, लेकिन अंततः ममता बनर्जी ने जीत हासिल की है।ममता बनर्जी आठ बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और सांसद रहते हुए रेल मंत्री से लेकर कोयला मंत्री का पदभार संभाल चुकी हैं। इसके साथ ही वह पिछले तीन बार से राज्य की सीएम भी हैं. छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रखने वालीं ममता बनर्जी ने लेफ्ट पार्टियों के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ीं। नंदीग्राम और सिंगूर जैसे आंदोलन का नेतृत्व किया है। उनका लंबा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव है।

Back to top button