संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से नगर क्षेत्र से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसकी बाइक पेड़ की टहनी से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मानिकरपुर गांव निवासी उमेश चौधरी (22) पुत्र रामलखन किसी कार्य से नगर क्षेत्र गया था। काम निपटाने के बाद वह बाइक से वापस कप्तानगंज लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक सड़क किनारे पेड़ की निकली हुई टहनी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के पेड़ की टहनी से टकराने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।









Hits Today : 2376
Who's Online : 12