बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने, दहेज की मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर यौन शोषण, दहेज प्रताड़ना और धमकी समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी रुधौली क्षेत्र निवासी कृष्ण कुमार चौधरी के साथ तय हुई थी। विवाह तय होने के बाद आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया और दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर कई बार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर वह कहता था कि जल्द ही दोनों की शादी होने वाली है और वह उसकी होने वाली पत्नी है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।
पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद जब परिजनों ने विवाह की तिथि तय करने की बात की तो आरोपी ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग रखी। परिवार ने किसी तरह व्यवस्था कर किस्तों में दो लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद आरोपी ने अतिरिक्त तीन लाख रुपये की मांग कर दी। आर्थिक स्थिति का हवाला देकर जब परिवार ने असमर्थता जताई तो उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
आरोप है कि विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने रुधौली थाने पहुंचकर तहरीर दी।
थानाध्यक्ष संजय कुमार दुबे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी कृष्ण कुमार चौधरी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









Hits Today : 1552
Who's Online : 12