उप्र बस्ती जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। निमंत्रण से बाइक से घर लौट रहे तीनों पशु आहार लदे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। झाड़ियों और पानी के बीच तीनों ट्रक के नीचे दबे रह गए। रात भर किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पता चलने पर पैकोलिया और गौर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर तीनों के शव बाहर निकाले गए। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम छा गया।
गौर थाना क्षेत्र के कोठवा गांव निवासी राजेश यादव (35) रविवार रात करीब नौ बजे अपनी बेटियों शिवांगी (11) और मानवी (5) के साथ पैकोलिया थाना क्षेत्र के रामापुर गांव में आयोजित निमंत्रण में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनान से गौर की ओर जा रहे पशु आहार लदे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर विधायक निधि से बने कैप्टन जयपाल सिंह स्मृति द्वार के पोल से टकराया और सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया।
रात भर ट्रक के नीचे दबे रहे तीनों के शव
हादसे के बाद ट्रक के नीचे झाड़ियों और पानी में तीनों दबे रह गए। रात में किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। उधर, घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे। सोमवार सुबह ट्रक के नीचे तीनों के दबे होने की जानकारी मिलने पर पैकोलिया और गौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक हटवाया और तीनों के शव बाहर निकलवाए।
राजेश यादव गौर थाने के जैतापुर राजस्व गांव में चौकीदार के पद पर तैनात थे। उनकी दोनों बेटियां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सीताराम भानु प्रताप सिंह इंटर कॉलेज, अटरोहाखास में पढ़ती थीं। पिता और दोनों बेटियों की एक साथ मौत की खबर से कोठवा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।








Hits Today : 1401
Who's Online : 12