सीतापुर और बहराइच के रहने वाले हैं आरोपी, दो गैंगस्टर भी शामिल; चोरी में इस्तेमाल कार, नकदी और आभूषण बरामद
उप्र बस्ती जिले में गौर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो गैंगस्टर भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताले तोड़कर या खिड़की के रास्ते घरों में घुसकर चोरी करते थे। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल कार, नकदी और आभूषण बरामद किए गए हैं।
सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गौर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ने के बाद उनके खुलासे के लिए सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई थीं। एंटी थेफ्ट टीम, एसओजी और गौर पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रेकी के बाद सूने मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मकानों की रेकी करते थे। जिन घरों में ताले लगे मिलते थे, उन्हें निशाना बनाते थे। रात के अंधेरे में ताले तोड़कर या खिड़की के रास्ते घर में दाखिल होकर आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस का दावा है कि गिरोह कई जिलों में सक्रिय था।
गिरफ्तार आरोपियों में चार सीतापुर और एक बहराइच जिले का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ अन्य जिलों में भी चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीतापुर के चार, बहराइच का एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार वर्मा पुत्र छोटेलाल निवासी औरीसायपुर, थाना तंबौर; सोनेलाल उर्फ सोनू चौहान पुत्र रामजीवन निवासी कुट्टी सुपौली, मौजा लोनिया पुरवा, थाना लहरपुर; अवधेश चौहान पुत्र बाबूराम निवासी बेदौरा, थाना रेउसा; धनीराम पुत्र जगन्नाथ निवासी ऊंचगांव करहेका, थाना सकरन, जिला सीतापुर और आमिर पुत्र मेराज निवासी महराजगंजजोत चांदपार, थाना हरदी, जिला बहराइच के रूप में हुई है।
पुलिस ने राजकुमार वर्मा और सोनेलाल उर्फ सोनू चौहान को गैंगस्टर बताया है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।








Hits Today : 6510
Who's Online : 20