पुलिस ने दी चेतावनी, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
उप्र बस्ती जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए छावनी पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। इसके तहत थाना क्षेत्र के दर्जनों सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर सदाचरण की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की नसीहत दी।
अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटरों को निर्धारित समय पर थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। थाने पहुंचे हिस्ट्रीशीटरों ने पुलिस की मौजूदगी में भविष्य में अवैध गतिविधियों, मारपीट, वसूली और अन्य आपराधिक कृत्यों से दूर रहने का संकल्प लिया।
प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों के प्रति पुलिस कोई नरमी नहीं बरतेगी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस की ओर से ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।









Hits Today : 6504
Who's Online : 20