संवाददाता (पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में सावन में शिवभक्ति के रंग में रंगे फुटहिया में सोमवार देर रात भोजपुरी भजन गायक एवं दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी के भजनों पर कांवड़िए जमकर झूमे। शहर से सटे फुटहिया ओवरब्रिज के पास मां शांति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय कांवड़ महोत्सव-2026 का मंगलवार को कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के साथ समापन हो गया।
महोत्सव के दौरान फुटहिया में दो दिनों तक भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। सोमवार शाम सांसद मनोज तिवारी के पहुंचते ही कांवड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और हर-हर महादेव के जयकारों से उनका स्वागत किया। इसके बाद उनकी टीम ने वाद्य यंत्रों के साथ मंच संभाला और शिवभजनों की प्रस्तुति शुरू की।
अयोध्या, सरयू और बस्ती की महत्ता बताई
मनोज तिवारी ने कांवड़ियों को संबोधित करते हुए अयोध्या, बस्ती और सरयू नदी की धार्मिक महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि अयोध्याधाम से सरयू का जल कांवड़ में लेकर भदेश्वरनाथ में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालु भगवान राम और भोलेनाथ के मिलन का माध्यम बनते हैं।
इसके बाद उन्होंने ‘अयोध्या से कांवड़ लेकर…’, ‘भोले बाबा जोहत बाटी…’ और ‘धीरे-धीरे जलवा…’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर कांवड़िए देर रात तक झूमते रहे। मनोज तिवारी बीच-बीच में श्रद्धालुओं और कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों से संवाद भी करते रहे।
सृष्टि समेत कलाकारों ने बांधा समां
मुख्य कार्यक्रम से पहले भोजपुरी गायिका विजय चौहान, सृष्टि दूबे और पंकज गोस्वामी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों के गीतों पर कांवड़िए और श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए। इस दौरान आयोजन स्थल हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
आयोजक तेज प्रताप सिंह ने सांसद मनोज तिवारी, प्रांत प्रचारक रमेश, महंत राजू दास, गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष माहेश शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, दिवाकर मिश्र, अखंड पाल, दिलीप पांडेय और राजेश पाल समेत अन्य अतिथियों को सम्मानित किया।
जलाभिषेक के साथ पूरी हुई कांवड़ यात्रा
दो दिवसीय कांवड़ महोत्सव में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी। रविवार से शुरू हुए महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंगलवार को कांवड़ियों ने बाबा भदेश्वरनाथ समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के साथ कांवड़ यात्रा पूरी हुई और इसी के साथ फुटहिया कांवड़ महोत्सव का भी समापन हो गया।








Hits Today : 2155
Who's Online : 9