बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांधीजी के स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर सफाई अभियान चलाया। हाथों में झाड़ू लेकर विद्यार्थियों ने सार्वजनिक स्थानों की सफाई की और लोगों को भी आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक धीरेन्द्र शुक्ल, प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल, डॉ. राजन शुक्ल, प्रधानाचार्या शशिप्रभा त्रिपाठी और प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की।
प्रबंधक धीरेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं। प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने कहा कि शास्त्रीजी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश के प्रति समर्पण और आत्मनिर्भरता की भावना का प्रतीक है। डॉ. राजन शुक्ल ने कहा कि शिक्षा का मकसद केवल किताबों का ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि महान व्यक्तित्वों के विचारों को अपने जीवन में उतारना भी है।
प्रधानाचार्या शशिप्रभा त्रिपाठी और प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को गांधी और शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सत्य, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को व्यवहार में उतारना ही इन महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
समारोह के बाद विद्यालय परिवार ने रोडवेज तिराहा, नेहरू चौराहा और भगत सिंह चौक पर स्वच्छता अभियान चलाया। शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विद्यार्थियों ने मिलकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों से भी कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
अभियान के अंत में विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।








Hits Today : 5578
Who's Online : 9