संवाददाता ( पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में भक्ति के साथ सेवा का माहौल भी बना हुआ है। अयोध्या से सरयू जल लेकर पैदल बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर, भंडारे और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में बनकटी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में मिश्रौलिया के पास स्वास्थ्य शिविर और भंडारे का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन असम प्रभारी एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने किया। इस मौके पर हरीश द्विवेदी ने कहा कि बस्ती की कांवड़ यात्रा की प्रदेश में अलग पहचान है। हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त अयोध्या से सरयू जल लेकर पैदल बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम पहुंचते हैं। कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। प्रशासन और समाजसेवियों की ओर से की जा रही व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। आयोजक इंजीनियर अरविंद पाल ने बताया कि शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में 24 घंटे डॉक्टरों की टीम, जरूरी दवाएं और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। थके हुए कांवड़ियों के लिए टेंट, पेयजल और भंडारे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इंजीनियर अरविंद पाल ने स्वयं गरम पानी से कांवड़ियों के पैर धोकर दवा लगाई। उनकी इस सेवा की श्रद्धालुओं ने सराहना की। शिविर में भजन-कीर्तन के चलते माहौल भक्तिमय बना रहा और कांवड़ियों के बीच हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। इस दौरान जगदीश शुक्ला, अखंड प्रताप सिंह, प्रमोद पांडेय, दिलीप पांडेय, राजकुमार शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।








Hits Today : 2174
Who's Online : 9