संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के शहर के इंद्रा नगर वार्ड में गुरुवार रात एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोर करीब 25 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना गांधी नगर चौकी क्षेत्र की है, जिससे स्थानीय पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मकान मालिक राजू खान अपनी मां के इलाज के लिए परिवार सहित लखनऊ गए हुए थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुसे। उन्होंने लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। बताया जा रहा है कि घर में रखे लगभग 18 लाख रुपये के आभूषण और शादी के लिए सुरक्षित रखे करीब 7 लाख रुपये नकद चुरा लिए गए। चोरों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी काटकर अपने साथ ले लिया। इससे पुलिस को सुराग जुटाने में कठिनाई हो रही है। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला देख परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।








Hits Today : 2731
Who's Online : 5