संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले में सुरेन्द्र नगर कटरा स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में शनिवार, 28 फरवरी को होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रंगों के इस पावन पर्व का आनंद लिया। समारोह के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने राधा-कृष्ण को रंग-गुलाल अर्पित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने ‘होली खेलै रघुवीरा अवध में’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। होलिका दहन, हिरण्यकश्यप वध और नरसिंह अवतार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शिक्षिका शिवाली शुक्ला और संजना पाठक ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर ‘आज बिरज में होली है रसिया’ गीत पर शानदार अभिनय प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदमय हो उठा। ‘राधा संग होली नंदलाल खेलें’ गीत पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर गुलाल से होली खेली।
अपने संबोधन में प्रबंधक ने होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रह्लाद के धैर्य और आस्था का उदाहरण प्रस्तुत किया तथा शक्ति का सदुपयोग करने की सीख दी। प्रधानाचार्या ने भी सकारात्मक सोच, परिश्रम और विश्वास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देती है।
अंत में सभी को मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अनूप बरनवाल, अरुण भट्ट, तैयब हुसैन, संध्या तिवारी, खदीजा, अभिलाषा श्रीवास्तव, नीति शुक्ला, खुशबू पाण्डेय, शशि गुप्ता, सोनी नरूला, अंजली, प्रीती, तान्या, अनीता, महविश, मुस्कान आदि शिक्षक शिक्षिकाओं एवं अन्य सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।








Hits Today : 869
Who's Online : 9