उप्र बस्ती जिले गौर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुआ डाबर में केक खाने के बाद 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पड़ोस का तीन वर्षीय बच्चा बीमार हो गया अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश भी व्याप्त है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महुआ डाबर निवासी संतोष कुमार सिंह का पुत्र अमन सिंह (18 वर्ष) गांव की एक दुकान से केक खरीदकर लाया था। परिजनों का कहना है कि केक खाने के कुछ ही देर बाद अमन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराए परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही अमन ने दम तोड़ दिया।
इसी दौरान पड़ोसी दुर्गा प्रसाद प्रजापति के पुत्र ओमकार प्रजापति (3 वर्ष) को भी अमन ने थोड़ा केक खिला दिया था। कुछ देर बाद बच्चे की भी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी गौर ले गए, जहां से उसे कैली अस्पताल, बस्ती रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केक “राजा ब्राण्ड” नाम से बेचा जा रहा था। अब सवाल उठ रहा है कि कहीं केक एक्सपायरी तो नहीं था या उसे सही तरीके से रखा नहीं गया था। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि केक खाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर संबंधित दुकान और उत्पाद की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।








Hits Today : 799
Who's Online : 7