संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले में साऊंघाट ब्लॉक सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त तथा मनरेगा के अंतर्गत 11 करोड़ 64 लाख रुपये के विभिन्न विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही “विकसित भारत” कार्यक्रम के तहत 125 दिनों के ग्रामीण रोजगार की नई गारंटी योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के श्रम बजट एवं कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार श्रीवास्तव ने फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, कन्या सुमंगला योजना तथा विधवा, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि/ब्लॉक मंत्री यशपाल सिंह यादव ने युवा उद्यमी विकास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत युवाओं को बैंक के माध्यम से पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण पांच वर्ष के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में एडीओ राजनारायण शुक्ला, जेई (एमआई) अश्विनी कुमार, एडीओ पंचायत सुभाषचंद्र तथा बीपीएम अजय कुमार चौरसिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बीपीएम ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना की विस्तृत जानकारी दी।
अंत में ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता एवं बिना भेदभाव के पहुंचाया जाए।







Hits Today : 857
Who's Online : 5