उप्र बस्ती जिले में आठ सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। संघ ने शासन को चेतावनी दी है कि 21 सितंबर तक मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो 22 सितंबर से लेखपाल अतिरिक्त हलकों का काम पूरी तरह बंद कर देंगे।
लेखपाल संघ के जिलामंत्री अंकित चौधरी ने बताया कि मंडल स्तर पर स्थानांतरण, यात्रा भत्ता, 2800 ग्रेड पे समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन लंबे समय से आंदोलन कर रहा है। मांगों के समर्थन में शासन को कई बार ज्ञापन दिए गए। इसके अलावा लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताने के साथ सांकेतिक धरना भी दिया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण की जानकारी जिलाधिकारी और जिले की चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को पत्र भेजकर दे दी गई है। संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान लेखपाल अतिरिक्त हलकों का कार्य नहीं करेंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष राजेश पांडेय, सदर अध्यक्ष महेंद्र यादव , विवेक सिंह, भनपुर अध्यक्ष कमलभान, रुधौली अध्यक्ष पंकज सिंह, हरैया अध्यक्ष कृष्ण मोहन पटेल समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।








Hits Today : 2393
Who's Online : 9