संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने एक महिला कांस्टेबल की तहरीर पर स्थानीय अभिसूचना इकाई में तैनात कांस्टेबल समेत उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2017 में पुलिस भर्ती होने के बाद उसकी तैनाती बलिया में हुई थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात साथी कांस्टेबल मुकेश कुमार निवासी भताड़ी, थाना उरुवा, जनपद गोरखपुर से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। आरोप है कि मुकेश कुमार ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में दोनों की तैनाती अलग-अलग स्थानों पर हो गई। वर्तमान में आरोपी कांस्टेबल की तैनाती सिद्धार्थनगर जिले की स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) में है। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो मुकेश कुमार ने इंकार कर दिया। इसके बाद उसने आरोपी के पिता डॉ. राजमन तथा भाइयों अखिलेश और सर्वेश को मामले की जानकारी दी। आरोप है कि इस पर परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। कोतवाली पुलिस ने महिला कांस्टेबल की तहरीर पर मुकेश कुमार, उसके पिता डॉ. राजमन तथा भाइयों अखिलेश और सर्वेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना सिविल लाइन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








Hits Today : 2355
Who's Online : 6