उप्र बस्ती जिले में रुधौली क्षेत्र के दसिया गांव स्थित निर्माणाधीन अनीता डिस्टिलरीज (इथेनॉल फैक्ट्री) में घुसकर निर्माण कार्य रुकवाने, रंगदारी मांगने और कर्मचारियों को धमकाने के आरोप में रुधौली पुलिस ने एक नामजद समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फैक्ट्री का निर्माण कार्य देख रहे दिलीप यादव निवासी रामचौरा, थाना कैंपियरगंज (गोरखपुर) की तहरीर के अनुसार, 5 जुलाई की रात करीब 12 बजे संतोष वर्मा अपने 10 साथियों के साथ फैक्ट्री परिसर में घुस आया। आरोप है कि उन्होंने गार्डों और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य बंद कराने का दबाव बनाया।
शिकायत में कहा गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और ट्रैक्टर से फैक्ट्री की दीवार तथा निर्माणाधीन ढांचे को गिराने की चेतावनी भी दी। साथ ही अवैध रूप से रंगदारी की मांग करने का भी आरोप लगाया गया है।
रुधौली पुलिस ने दिलीप यादव की तहरीर के आधार पर 12 जुलाई को संतोष वर्मा और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, गाली-गलौज, धमकी, रंगदारी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








Hits Today : 2443
Who's Online : 5