उप्र बस्ती जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये लेने, फर्जी साक्षात्कार कराने और फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने का मामला सामने आया है। ठगी की जानकारी होने पर पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपितों ने गालीगलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। नगर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर थाना क्षेत्र के कुरहा पट्टी पृथ्वी गांव निवासी सुनीता देवी पत्नी राजवंत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर आजमगढ़ के दो लोगों समेत तीन आरोपित उनके संपर्क में आए थे। आरोपितों ने नौकरी लगवाने के लिए दो लाख रुपये मांगे। नौकरी की उम्मीद में उन्होंने रकम दे दी।
इसके बाद आरोपितों ने उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाया। पीड़िता के अनुसार, वहां फर्जी साक्षात्कार कराने के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया। बाद में नियुक्ति पत्र के फर्जी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपितों से रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर आरोपित भड़क गए और गालीगलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी नगर राम प्रसाद यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर खुशहाल और अभिषेक निवासी देवारा कारखिया, थाना रौनापार, जिला आजमगढ़ तथा सुदामा बाला यादव निवासी अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई चंद्रशेखर राम को सौंपी गई है।








Hits Today : 268
Who's Online : 9