उप्र बस्ती जिले में बस्ती को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेकर समाजसेवी मनीष मिश्रा ने गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर प्रयास और जनसहयोग से अगले 10 वर्षों में बस्ती की तस्वीर बदलने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं को रोजगार, शिक्षा को नई दिशा और प्रतिभाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि ‘बस्ती को बेस से स्पेस तक’ ले जाना केवल नारा नहीं, बल्कि संकल्प है। बस्ती के युवाओं और प्रतिभाओं को सही मंच मिलने पर जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनौतियां कितनी भी बड़ी हों, जनहित और विकास के प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए ‘बस्ती स्पेस टैलेंट हंट’ आयोजित करने की जानकारी दी। पहल संस्था की ओर से इसरो के मार्गदर्शन में प्रस्तावित इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा।
पांच विधाओं में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के लिए पांच विधाएं निर्धारित की गई हैं। इनमें इसरो और अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित स्पेस क्विज, भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर आर्ट इन स्पेस, ‘इसरो की गौरवपूर्ण यात्रा’ विषय पर स्पेस पार्लियामेंट, इसी विषय पर 300 से 500 शब्दों की निबंध लेखन प्रतियोगिता और इसरो आधारित साइंस मॉडल/रन फॉर स्पेस शामिल हैं।
स्पेस क्विज के प्रश्नपत्र और चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता की आवश्यक सामग्री संस्था की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक विद्यालय से इसरो और अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित पांच विज्ञान मॉडल तैयार कराए जाएंगे।
मनीष मिश्रा ने बताया कि पहल संस्था पिछले एक वर्ष से जिले में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम कर रही है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए ‘राम जी के पेड़ा’ और सिलाई मशीन वितरण अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिदैन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, मेहनत करने और बस्ती के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संजय मिश्रा, जीडी मिश्रा, अमित चौबे, ओम जी पांडे, विमल पांडे समेत अन्य सहयोगी मौजूद रहे।








Hits Today : 266
Who's Online : 9