पीएम मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर कुआनो आरती, युवाओं को बांटे हजारों नीम के पौधे
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा की ओर से अमहट घाट पर विशेष कुआनो आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से कुआनो नदी की आरती कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अमहट घाट पर आयोजित कार्यक्रम में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। संस्था की ओर से युवाओं को हजारों नीम के पौधे वितरित किए गए। युवाओं ने पौधों को घरों और आसपास के क्षेत्रों में लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन की पूर्व संध्या पर कुआनो आरती का आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल है।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर संजय मिश्रा, जीडी मिश्रा, अमित चौबे, ओम जी पांडे, विमल पांडे समेत अन्य सहयोगी मौजूद रहे। समापन पर उपस्थित लोगों ने कुआनो नदी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।







Hits Today : 1250
Who's Online : 9