संवाददाता (पंकज सिंह )
उप्र बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के परेवा गांव में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने के आरोप में ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। तीनों से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, संदिग्ध युवक पिछले दो दिनों से जमालपुर, मटियरिया और परेवा गांव में महिलाओं के आयुष्मान कार्ड बना रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर डायल 112 पर सूचना दी गई।सूचना पर पहुंची पीआरबी टीम के हेड कांस्टेबल आमिर खान ने युवकों से पूछताछ की। इसके बाद तीनों को लालगंज थाने भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान कन्हैया पुत्र श्रीराम और अजय पुत्र राम सुरेश, निवासी वार्ड नंबर 10, भगत सिंह नगर, नगर पंचायत नगर तथा आर्यन पुत्र रामलाल, निवासी जिभियांव, थाना लालगंज के रूप में हुई है।
परेवा निवासी मोनू यादव ने बताया कि तीन दिन पहले मटियरिया गांव में करीब 20 महिलाओं के आयुष्मान कार्ड बनाए गए थे। इसके बाद शुक्रवार को जमालपुर में भी करीब 20 महिलाओं के कार्ड बनाए गए। ग्रामीणों ने अस्पताल की कथित मिलीभगत से फर्जी भुगतान की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि संदिग्ध युवकों का मुख्य कार्यालय नगर पंचायत नगर के वार्ड नंबर 10 स्थित भगत सिंह नगर में है।
लालगंज थानाध्यक्ष दिनेश चंद चौधरी ने बताया कि तीनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।









Hits Today : 2487
Who's Online : 12