संवाददाता (पंकज सिंह )
उप्र बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के बाहर बिकना पोखरा के पास रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पेड़ से लटका हुआ था, जबकि पास में बाइक गिरी पड़ी थी। सुबह उधर से गुजर रहे युवक की नजर शव पर पड़ी तो उसने ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। इसी दौरान ड्यूटी पर जा रहे मृतक के भाई ने पहुंचकर शव की पहचान अपने भाई के रूप में की।
सूचना पर थानाध्यक्ष मुंडेरवा विश्वमोहन राय, रामपुर चौकी प्रभारी एसआई प्रमोद नायक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाम को घर से निकले थे, रातभर तलाश करते रहे परिजन
रामपुर निवासी जितेंद्र कुमार कन्नौजिया (47) पुत्र रामकुमार कन्नौजिया वाहन चलाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम करीब चार बजे वह किसी बात से नाराज होकर बाइक लेकर घर से निकल गए थे। उनके भाई संदीप कुमार कन्नौजिया ने बताया कि जितेंद्र को पास के बाजार में देखा गया था। वह उन्हें वापस घर लाने के लिए पीछे गए, लेकिन तब तक जितेंद्र वहां से जा चुके थे।
फोन पर बात होने पर जितेंद्र ने बताया कि वह कहीं और चले आए हैं और परिवार के लोग परेशान न हों। रात करीब दस बजे फोन पर बातचीत हुई तो उन्होंने अमहट घाट में होने की बात बताई। संदीप वहां पहुंचे, लेकिन जितेंद्र नहीं मिले। कुछ देर बाद फोन करने पर उन्होंने मूड़घाट आने की जानकारी दी। संदीप उन्हें तलाशते हुए वहां भी पहुंचे, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया।
परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन जितेंद्र का पता नहीं चला। उन्हें उम्मीद थी कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चले गए होंगे और सुबह लौट आएंगे। रविवार सुबह बिकना पोखरा के पास उनका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि जितेंद्र किसी बात से नाराज होकर घर से निकले थे। प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है।









Hits Today : 1078
Who's Online : 16