उप्र बस्ती जिले में स्थानीय प्रेस क्लब सभागार रविवार को शास्त्रीय संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों से गूंज उठा। पंडित ज्वाला प्रसाद संगीत सेवा संस्थान की ओर से संगीत महर्षि पं. विष्णु दिगंबर पलुस्कर और पं. विष्णु नारायण भातखंडे की जयंती पर शास्त्रीय एवं सुगम संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलाकारों और संस्थान के बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि डॉ. विनायक और विशिष्ट अतिथि जयंत मिश्रा, प्रकाश गुप्ता व डॉ. अजय किशोर ने कहा कि संगीत जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह मन को शांति देने के साथ नई ऊर्जा का संचार करता है।
संगीत शिक्षक राजेश आर्य, संस्थान के सचिव संतोष श्रीवास्तव, डॉ. नवीन सिंह और संगीत शिक्षिका रजनी गुप्ता ने कहा कि पं. पलुस्कर और पं. भातखंडे ने शास्त्रीय संगीत को जन-जन तक पहुंचाने और उसे व्यवस्थित स्वरूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों का परिणाम है कि नई पीढ़ी भी शास्त्रीय संगीत से जुड़ रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गान से हुई। इसके बाद स्वरांग ने राग कामोद की प्रस्तुति दी। विभोर के श्याम भजन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। नितेश, स्वरांग, शैलेश, अनिकेत, अपर्णा, स्वरीशा, अनुष्का, रीना, शिखा और अंजली ने राग मल्हार की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी।
संस्थान के छात्र श्याम मिश्रा ने बांसुरी वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने कजरी और कव्वाली की प्रस्तुति भी दी। अपर्णा के भजन ने भी खूब सराहना बटोरी। बच्चों की कव्वाली पर दर्शक झूम उठे।
कीबोर्ड पर रवि, पैड पर पंकज गौतम और ढोलक पर अभिषेक आर्य ने संगत देकर प्रस्तुतियों में रंग भर दिया। कार्यक्रम में आलोक रंजन, अथर्व, प्रिंस, अभिषेक सेन, प्रमोद आदि मौजूद रहे। संचालन संस्थान के प्रबंधक विनोद उपाध्याय ने किया।








Hits Today : 973
Who's Online : 8