संवाददाता (पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में गौर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कक्षा सात की छात्रा गुरुवार दोपहर स्कूल से घर के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच वह रानीपुर बाबू चौराहे के पास बेहोशी की हालत में मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को तत्काल सीएचसी गौर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला महिला चिकित्सालय और बाद में गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान गौर क्षेत्र के बलुआ चौबे निवासी जितेंद्र राजभर (20) का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अतुल कुमार अंजान ने बताया कि किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एएसपी श्यामाकांत ने बताया कि किशोरी की हालत को देखते हुए उसे प्राथमिकता के आधार पर उपचार दिलाया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







Hits Today : 5748
Who's Online : 10