लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में शुक्रवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ। कांग्रेस हाईकमान ने अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। आराधना मिश्रा इससे पहले कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। कांग्रेस ने सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। वहीं देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियों के मुताबिक ये फैसले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। चुनाव से पहले बदली प्रदेश कांग्रेस की कमान प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन में यह बड़ा फेरबदल किया है। आराधना मिश्रा ‘मोना’ रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक हैं। उनके पिता प्रमोद तिवारी भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी भी बदल दी है। चौधरी वीरेंद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल का नया नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही अजय राय का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल समाप्त हो गया। कांग्रेस ने उनके योगदान की सराहना भी की है।








Hits Today : 4220
Who's Online : 10