संवाददाता (पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में छावनी थाना क्षेत्र के पूरे सुखराम गांव में गुरुवार को 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका गला कटा हुआ था और वह घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा मिला। गांव के बच्चों ने युवक को तड़पते देखा तो इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे सुखराम निवासी राहुल राजभर (25) पुत्र आशाराम दोपहर करीब 11:30 बजे गांव में आने वाली पक्की सड़क के किनारे सीमेंट के पोल के पास मिला। गले से अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत गंभीर थी। जब तक परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए ले जाते, उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर अमोढ़ा चौकी प्रभारी राधारमण यादव, आरक्षी धनवंत यादव समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मौके से एक नया शेविंग ब्लेड और युवक की चप्पल भी मिली है। इन सामानों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटना के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
छावनी थानाध्यक्ष राणा डीपी सिंह ने बताया कि परिजनों से युवक द्वारा स्वयं गला काटे जाने की सूचना मिली है। मृतक के शराब पीने का आदी होने की बात भी सामने आई है। घटनास्थल से ब्लेड और चप्पल मिली है। मामले की जांच की जा रही है।







Hits Today : 5748
Who's Online : 10