लखनऊ। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) यानी एनयूजे-आई की राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक चार और पांच अक्तूबर को अयोध्या धाम में होगी। देशभर से करीब 200 पत्रकार प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। बैठक में 22 राज्यों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) को दी गई है।
एनयूजे-आई के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने बताया कि बैठक में पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श होगा। पत्रकारों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। इनमें मीडिया काउंसिल की स्थापना, नए वेतन बोर्ड के गठन और पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग प्रमुख होगी। इसके अलावा समसामयिक विषयों पर भी प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा (भोपाल) करेंगे।
उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश से करीब 55 प्रतिनिधि बैठक में हिस्सा लेंगे। प्रदेश इकाई और अयोध्या जिला इकाई की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बताया कि उत्तर प्रदेश की ओर से पत्रकारों के लिए प्रदेश में पेंशन की मांग को भी राष्ट्रीय परिषद के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकारों को रेल यात्रा में पहले की तरह रियायत दिए जाने की मांग भी उठाई जाएगी। बैठक में देशभर से आए पत्रकार प्रतिनिधि अपने-अपने राज्यों से जुड़े मुद्दों और पत्रकारिता से संबंधित चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रीय परिषद की यह बैठक पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर देशभर की इकाइयों के बीच संवाद और विचार-विमर्श का अवसर बनेगी।








Hits Today : 5744
Who's Online : 9