बस्ती जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के पाकरडाड चौराहे स्थित मोबाइल शॉप में देर रात चोरों ने खंगाला। चोरो ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर लाखों रुपये के मोबाइल फोन व एक्सेसरीज़ चोरी कर लीं। सुबह जब दुकान मालिक विकास अग्रहरी प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो टूटा ताला और आधा उठा शटर देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर काउंटर और रैक खाली मिले। काउंटर में रखे लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये नकद भी गायब थे। इसके अलावा लॉकर में रखा करीब 15 ग्राम सोने का लॉकेट भी चोर अपने साथ ले गए। दुकान में लगा सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़ ले गए। बताया जा रहा है कि उसी रात आसपास की अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया गया। ओम साईं मोबाइल शॉप और एक बीयर शॉप में सेंध लगाने का प्रयास किया गया, हालांकि वहां चोरी सफल नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, महादेवा चौकी इंचार्ज देव भरत शर्मा तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।










Hits Today : 446
Who's Online : 17