उप्र सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुंहचोरवा घाट के पास हुए हरिश्चंद्र हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ढेबरुआ थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मामले में मृतक की पत्नी माया देवी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, माया देवी ने प्रेमी नियाज अहमद के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए ई-रिक्शा को सड़क किनारे पलट दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक इटवा थाना क्षेत्र के कपियवा गांव निवासी हरिश्चंद्र का शव 30 अगस्त को ढेबरुआ थाना क्षेत्र में राप्ती नदी स्थित मुंहचोरवा घाट के पास मिला था। उसका ई-रिक्शा भी सड़क किनारे खड़ा मिला था। शुरुआत में घटना को हादसा समझे जाने की आशंका थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर हत्या की परतें खुलती चली गईं।
पूछताछ में सामने आया कि हरिश्चंद्र की पत्नी माया देवी के नियाज अहमद से संबंध थे। माया ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने नियाज पर पति की हत्या का दबाव बनाया। नियाज ने हत्या की साजिश में इरशाद और अब्दुल्ला को शामिल किया और उन्हें एक लाख रुपये देने की बात कही। पुलिस के अनुसार, नियाज ने दोनों को 60 हजार रुपये दे भी दिए थे।
सवारी बनकर ई-रिक्शा में बैठे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को अब्दुल्ला और इरशाद सवारी बनकर हरिश्चंद्र के ई-रिक्शा में बैठ गए। मुंहचोरवा घाट के पास सुनसान रास्ता मिलने पर दोनों ने चाकू से हमला कर हरिश्चंद्र की हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया और ई-रिक्शा को सड़क किनारे इस तरह पलट दिया, जिससे घटना दुर्घटना जैसी लगे।
एसएसपी अभिषेक महाजन ने बताया कि आठ सितंबर को ढेबरुआ पुलिस और एसओजी की टीम बढ़नी के पचपेड़वा तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल इरशाद अपने साथियों के साथ दूधवनिया बुजुर्ग नहर के रास्ते धनोरा की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने दूधवनिया बुजुर्ग पुल से नहर की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर इरशाद, अब्दुल्ला और नियाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और छह मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने माया देवी समेत चारों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी की ओर से 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।








Hits Today : 1348
Who's Online : 6