उप्र बस्ती जिले में साइबर पुलिस बनकर एक दरोगा को धमकाने और रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर क्राइम थाने में तैनात दरोगा के मोबाइल पर पहले स्पैम मैसेज भेजा गया। इसके बाद मैसेज भेजने वाले ने रुपये की मांग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी साइबर पुलिस के नाम पर दरोगा को धमकाने लगा। मामले की जांच में आरोपी के साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई है।
साइबर क्राइम थाने के एसआई जावेद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी आदित्य ने उनके मोबाइल नंबर पर 11 हजार रुपये से संबंधित स्कैम मैसेज भेजा और पैसे की मांग की। इसके साथ ही वह साइबर पुलिस के नाम पर धमकी देने लगा, जिससे डरकर दरोगा उसके खाते में रुपये भेज दें।
मामले की जानकारी होने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मैसेज भेजने और धमकी देने वाले व्यक्ति के बारे में जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी अपने और अपने भाई के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता है। इसके बदले वह कमीशन लेता है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान आदित्य गुप्ता निवासी दक्षिण दरवाजा, थाना पुरानी बस्ती के रूप में की है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के निरीक्षक भगवान सिंह को सौंपी गई है








Hits Today : 1348
Who's Online : 6