–पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि, गर्दन पर नाखून के निशान और शरीर पर कई चोटें; मोबाइल अब तक गायब
उप्र बस्ती जिले में नगर क्षेत्र के खड़ौवा निवासी गोरखपुर पुलिस निगम के संविदाकर्मी यशवंत कुमार (26) की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार यशवंत के सीने की तीन हड्डियां टूटी मिली हैं। गर्दन, पीठ और माथे पर भी चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर मिले जख्मों से हत्या से पहले संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यशवंत कुमार गोरखपुर पुलिस निगम में संविदाकर्मी के पद पर तैनात थे। मंगलवार शाम करीब आठ बजे वह छुट्टी लेकर घर के लिए निकले थे। उनकी मां के अनुसार वह नगर बाजार तक पहुंच गए थे, लेकिन घर नहीं आए। बुधवार सुबह उनका शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में धमौरा के पास स्थित शराब के ठेके से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला।
उधर, शव मिलने की जगह से करीब 30 किलोमीटर दूर दुबौलिया क्षेत्र में निर्माणाधीन बैरागल टोल के पास यशवंत की बाइक मिली थी। इससे शुरू से ही हत्या की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, परिजन किसी पर शक नहीं जता सके। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। अब रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस की जांच हत्या की दिशा में आगे बढ़ गई है।
सीने पर चढ़कर दबाया गला
सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में यशवंत के दाहिनी ओर सीने की ऊपरी हड्डी टूटी मिली, जबकि बाईं ओर दूसरी और तीसरी पसली में फ्रैक्चर था। पीठ पर चोट के निशान, गर्दन पर नाखून के निशान और माथे पर भी जख्म मिले हैं। पैर के अंगूठे और अंगुलियों में भी चोट बताई गई है।
शरीर पर मिले चोटों के आधार पर आशंका है कि आरोपियों ने यशवंत के सीने पर चढ़कर उनका गला दबाया। इसके बाद शव को झाड़ियों में लाकर फेंक दिया गया। शरीर पर कई जगह चोट के निशान होने से हत्या से पहले संघर्ष की भी आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार देर शाम ही हत्या की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार यशवंत की हत्या मंगलवार देर शाम ही किए जाने की आशंका है। घटनास्थल सुनसान होने के कारण बुधवार सुबह लोगों को इसकी जानकारी हुई। पुलिस को अभी तक यशवंत का मोबाइल फोन नहीं मिला है। ऐसे में जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की अहम भूमिका हो सकती है। पुलिस उनके मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगाल रही है।
एक से अधिक हत्यारोपियों की आशंका
यशवंत के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान और पैर की अंगुलियों में चोट को देखते हुए पुलिस को हत्या से पहले संघर्ष की आशंका है। ऐसे में घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि बुधवार को घटना की सूचना मिली थी। फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। परिवार की ओर से तहरीर मिली है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।








Hits Today : 354
Who's Online : 7