संवाददाता (पंकज सिंह )
बस्ती। बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत बाजार स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। देवरिया डिपो की रोडवेज बस फ्लाईओवर पर खड़ी डीसीएम से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी। बस नाले की दीवार से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक समेत 11 यात्री घायल हो गए।
यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सूर्यभान शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। सभी घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत भेजा गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, थानाध्यक्ष छावनी चंदन कुमार और चौकी प्रभारी विक्रमजोत सभाजीत मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और डीसीएम को हटवाकर फोरलेन पर यातायात बहाल कराया। इसके बाद अधिकारियों ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर खड़ी डीसीएम से टकराने के बाद बस नीचे सर्विस लेन में जा गिरी। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
बताया गया कि देवरिया डिपो की बस देवरिया से कानपुर जा रही थी। बस में कुल 18 यात्री सवार थे। हादसे में घायल पांच यात्रियों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, अयोध्या रेफर किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय अंजली को बाद में केजीएमयू, लखनऊ भेजा गया।
गोरखपुर, देवरिया और महराजगंज के यात्री घायल
हादसे में विवेक राय (39) निवासी बेलीपार गोरखपुर, गोपाल तिवारी (30), अनुराग विश्वकर्मा (42) निवासी खलीलाबाद संतकबीरनगर, मनोज विश्वकर्मा (30) निवासी महराजगंज, रामदरश (55), गायत्री देवी (60) निवासी चौरीचौरा गोरखपुर, रंभा देवी (45), मनोज यादव (50) निवासी सलेमपुर देवरिया, अंजली (11), रामआशीष (40) निवासी महराजगंज तथा बस चालक अशोक शर्मा (50) घायल हुए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अंजली, विवेक राय, गोपाल तिवारी, रंभा देवी और रामआशीष की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर किया गया। वहां से अंजली को बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया










Hits Today : 1076
Who's Online : 13