संवाददाता -पंकज सिंह
बस्ती। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा में हुई लापरवाही के मामले में दो कक्ष निरीक्षकों पर कार्रवाई की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) संजय सिंह ने संबंधित सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्राधिकृत नियंत्रक एवं प्रबंधक को पत्र भेजकर दोनों शिक्षकों के सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 9 और 10 मई को आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के लिए शहर स्थित श्रीश्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 10 मई की द्वितीय पाली में कक्ष संख्या-1 में सहायक अध्यापिका रजनी गुप्ता और दिलेश्वरी इंटर कॉलेज, रुधौली के प्रवक्ता बलवंत सिंह की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई गई थी।
आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कक्ष निरीक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट तैयार करते समय गंभीर चूक कर दी। आयोग की प्रति को कोषागार वाले पैकेट में तथा कोषागार की प्रति को आयोग वाले पैकेट में रख दिया गया। मामले की जानकारी होने पर उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इस पर नाराजगी जताई।
डीआईओएस संजय सिंह ने कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी कक्ष निरीक्षकों को केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद इतनी गंभीर गलती होना अत्यंत खेदजनक है। उन्होंने कहा कि दोनों कक्ष निरीक्षकों की यह चूक परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही को दर्शाती है।
डीआईओएस ने संबंधित विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया है कि दोनों शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई सुनिश्चित कर इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए।









Hits Today : 937
Who's Online : 10