संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के बसडिलिया गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घर के भीतर खून के छींटे मिलने के बाद घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बसडिलिया गांव निवासी अनूप चौधरी (30) के रूप में हुई है। अनूप की शादी इसी वर्ष 12 फरवरी को हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ रुधौली थाना क्षेत्र के मुंगरहा गांव में आयोजित अपने ससुर के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात कार्यक्रम से लौटने के बाद दोनों अपने घर पहुंचे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसके कुछ समय बाद अनूप चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। घर के भीतर खून के छींटे मिलने से मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। हालांकि परिजन फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
सूचना मिलने पर सोनहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घर से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।








Hits Today : 1701
Who's Online : 7