बस्ती में संदिग्ध स्पा सेंटर पर पुलिस की छापेमारी, 10 युवक गिरफ्तार, पांच महिलाओं का रेस्क्यू
संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। शहर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित दक्षिण दरवाजा इलाके में संचालित एक संदिग्ध स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं स्पा सेंटर में कार्यरत पांच महिलाओं को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की मदद से रेस्क्यू किया गया। सभी महिलाओं के बालिग होने की पुष्टि के बाद उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित किंग स्पा सेंटर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। गुरुवार रात स्पा सेंटर में किसी बात को लेकर विवाद होने की सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शशांक शेखर राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान मौके से 10 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए चालान किया है।
गिरफ्तार किए गए युवकों में बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, वाराणसी और बिजनौर जनपद के निवासी शामिल हैं। थाना प्रभारी शशांक शेखर राय ने बताया कि स्पा सेंटर में मौजूद पांच महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर उनका बयान दर्ज कराया गया है तथा उनकी सुपुर्दगी की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
कार्रवाई में एसआई जयशंकर पांडेय, हेड कांस्टेबल शिब्बन लाल, हरेंद्र यादव, राजेश प्रसाद, मो. कलीम, दीनानाथ, कांस्टेबल गोविंद यादव तथा महिला कांस्टेबल अंजली सिंह, पूजा, पूर्णिमा सिंह और रिक्रूट कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर में संचालित गतिविधियों की जांच की जा रही है और मामले में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी







Hits Today : 1003
Who's Online : 7