संवाददाता (पंकज सिंह)
बस्ती। कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य की स्मैक और नशीला पाउडर बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे अमहट पुल से आगे फुटहिया मोड़ के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर टीम ने तीन युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 103 पुड़ियों में रखी गई 16.89 ग्राम स्मैक तथा 126.98 ग्राम भूरे रंग का नशीला पाउडर बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन गुप्ता निवासी बसिया, विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू निवासी बरगदवा तथा अखिलेश चौधरी निवासी बसिया, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। आरोपियों के पास से 370 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तार युवक किसी संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर मादक पदार्थों की बिक्री करते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक और नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू के खिलाफ कोतवाली और कप्तानगंज थानों में पहले से दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।







Hits Today : 1002
Who's Online : 7