उमाकांत तिवारी जिला मुख्यालय से संबद्ध, प्रद्युम्न कुमार को मिली जिम्मेदारी
उप्र बस्ती जिले में हर्रैया तहसील में लेखपालों के विरोध-प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने एसडीएम का तबादला कर दिया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन से जारी आदेश में हर्रैया के एसडीएम उमाकांत तिवारी को पद से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। उन्हें प्रभारी अधिकारी प्रमाण-पत्र/नजारत समेत संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, बस्ती में तैनात एसडीएम प्रद्युम्न कुमार को स्थानांतरित कर हर्रैया का नया एसडीएम एवं उप जिला मजिस्ट्रेट बनाया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
हर्रैया तहसील के लेखपाल एसडीएम उमाकांत तिवारी के खिलाफ कई दिनों से तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। लेखपाल संघ ने एसडीएम पर मनमाने रवैये का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। भारी बारिश के बावजूद लेखपालों का प्रदर्शन जारी रहा। संघ ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही थी।
लेखपाल संघ मंगलवार से जिलेभर में हड़ताल की तैयारी में था। इसी बीच एसडीएम का तबादला किए जाने के बाद तहसील में चल रहे आंदोलन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से जारी आदेश में तबादले का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। नए एसडीएम प्रद्युम्न कुमार के कार्यभार संभालने के बाद तहसील के कामकाज और लेखपालों के आंदोलन की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।









Hits Today : 5966
Who's Online : 15