संवाददाता (पंकज सिंह)
एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, चोरी का पंपिंग सेट, कार और पांच मोबाइल बरामद
बस्ती। छावनी पुलिस ने खेतों से पंपिंग सेट चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पंपिंग सेट, वारदात में इस्तेमाल हुंडई वरना कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक मलौली दूबे गांव के पास खेत से पंपिंग सेट चोरी होने के मामले में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने 28 सितंबर की रात करीब 8:25 बजे पचवस प्राथमिक विद्यालय के पास घेराबंदी कर लक्की सिंह, राकेश कुमार, दीपक सिंह और आयुष सिंह को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिन में ट्रक चलाने के दौरान वे खेतों में लगे पंपिंग सेट की रेकी करते थे। रात में कार से पहुंचकर उन्हें चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, जब कोई पंपिंग सेट हाथ नहीं लगता था तो गिरोह सड़क किनारे खड़े वाहनों की स्टेपनी आदि भी चोरी कर लेता था।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने मुंडेरवा और कोतवाली क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप समेत छावनी पुलिस टीम शामिल रही।









Hits Today : 5959
Who's Online : 19