उप्र बस्ती जिले में गौर थाना क्षेत्र के सावडीह निवासी मोनू यादव की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से बस्ती शहर में एक फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक और पांच-छह अज्ञात रिकवरी एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने अस्पताल के सामने खड़ी कार छीनने के दौरान उनके भांजे के साथ मारपीट की, मोबाइल छीनकर उसके कवर में रखे दो हजार रुपये निकाल लिए और कार लेकर फरार हो गए।
न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में मोनू यादव ने बताया कि संबंधित कार उनके बड़े भाई सोनू के नाम पर पंजीकृत है। उनके भाई की मृत्यु 11 दिसंबर 2025 को हो चुकी है। आरोप के अनुसार, 13 जुलाई को उनका भांजा रवि कुमार यादव कार लेकर बस्ती के एक अस्पताल पहुंचा था। उसने कार अस्पताल के सामने खड़ी की थी।
इसी दौरान एक फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक और पांच-छह अज्ञात रिकवरी एजेंट वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग एक राय होकर कार छीनने लगे। डर के कारण रवि अस्पताल के अंदर भागा तो आरोपी भी उसके पीछे अस्पताल में घुस गए।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, आरोपियों ने रवि के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसका दाहिना हाथ ऐंठकर जेब से कार की चाबी छीन ली और कार लेकर चले गए। आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया और मोबाइल कवर में रखे दो हजार रुपये निकालने के बाद फोन वापस कर दिया गया।








Hits Today : 4431
Who's Online : 13