उप्र बस्ती जिले में पुरानी बस्ती क्षेत्र में मवेशी चोरी की वारदात के बाद आरोपी दोबारा चोरी करने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। मंगलवार दोपहर पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियागढ़ गांव के पास जंगल में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों अयोध्या के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से एक पिकअप, 45 हजार रुपये नकद और चार एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि 29 सितंबर की रात पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों ने गाय और भैंस चोरी करने का प्रयास किया था। दोनों पशुओं को पिकअप में लाद लिया गया था, लेकिन इसी दौरान गाय पिकअप से कूदकर भाग निकली। आरोपी भैंस को लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की गतिविधियां कैद मिलीं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तीनों आरोपी हथियागढ़ गांव के पास जंगल में दोबारा चोरी की योजना बना रहे हैं। इस पर पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त रूप से दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राशिद (22), कामिल खान (21) और मो. आसिफ (21) के रूप में हुई है। तीनों अयोध्या के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के फतेहगंज कसाबबाड़ा के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 29 सितंबर की रात गाय और भैंस चोरी करने के प्रयास की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि गाय पिकअप से कूदकर भाग गई थी, जबकि वे भैंस को लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद वे दोबारा चोरी करने के इरादे से बस्ती आए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन (यूपी42 बीटी 6821), 45 हजार रुपये नकद और चार एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।









Hits Today : 2343
Who's Online : 8