संवाददाता (पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में शहर और आसपास के इलाकों से बाइक चोरी करने के बाद उन्हें ग्राइंडर मशीन से काटकर अलग-अलग पुर्जों में बदल दिया जाता था। फिर इन पुर्जों को कबाड़ की आड़ में बेचने और बड़ी मात्रा में नेपाल भेजने का काम किया जाता था। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को ऐसे गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिल, 10 मोटरसाइकिलों के इंजन, नंबर प्लेट और अन्य पुर्जे तथा एक पिकअप बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइक और उनके पुर्जे लेकर नेपाल जाने की तैयारी में थे।
मूड़घाट में जांच के दौरान पकड़े गए
सीओ कुलदीप सिंह यादव और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानंद सिंह ने बताया कि छह-सात अक्टूबर की रात पुलिस टीम मूड़घाट पंचायत भवन के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार लोगों और उनके साथ चल रही पिकअप को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों के अलावा पिकअप में दो अन्य बाइक लदी मिलीं। जांच में चारों मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं। पिकअप की बॉडी में 10 मोटरसाइकिलों के इंजन, नंबर प्लेट और अन्य पुर्जे भी मिले।
ग्राइंडर से काटकर बनाते थे पुर्जे
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद ग्राइंडर मशीन से बाइक काटकर उसके अलग-अलग पार्ट्स कर देते थे। इन पुर्जों को कबाड़ की आड़ में बेचते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अधिकांश पुर्जे नेपाल में बेचने की बात भी बताई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू गुप्ता (40) निवासी मुबारकपुर, थाना टांडा, अंबेडकरनगर, राजेश कुमार (28) निवासी नगर बाजार, बस्ती और रंगीलाल गुप्ता (47) निवासी एकसड़ा, थाना नगर, बस्ती के रूप में हुई है।
कबाड़ की दुकानों की भी होगी जांच
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में बाइक चोरी से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज हैं। राजू गुप्ता के खिलाफ अंबेडकरनगर, गोंडा, बस्ती और अयोध्या में चोरी समेत कई मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं। राजेश कुमार और रंगीलाल गुप्ता के खिलाफ भी कोतवाली बस्ती में बाइक चोरी से जुड़े पांच-पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में चोरी के पुर्जों की बिक्री के लिए कबाड़ कारोबार की आड़ इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने जिले की कबाड़ की दुकानों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि किसी दुकान पर चोरी के वाहन या संदिग्ध पुर्जे मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह, चौकी प्रभारी बड़ेबन जितेंद्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी जेल गेट बलिराम गौड़, चौकी प्रभारी सिविल लाइन रतीश चंचल पांडेय, हेड कांस्टेबल शैलेश शर्मा तथा कांस्टेबल देवेंद्र गुप्ता, आदित्य वर्मा, विजय यादव, आदित्य पाल, राजू यादव और मुकेश साहनी शामिल रहे।









Hits Today : 5424
Who's Online : 10